BIG NEWS : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद पटना में छात्रों ने मनाया जश्न, बांटी मिठाईयां
पटना : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET)पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद राजधानी पटना में छात्रों ने जश्न मनाया. डाकबंगला चौराहा और गांधी मैदान में बड़ी संख्या में छात्र जुटे,जहां उन्होंने ताली बजाकर नारे लगाए और इसे अपने आंदोलन की पहली बड़ी जीत बताया.
छात्र संगठनों ने 20 जून से परीक्षा प्रणाली में सुधार,दोषियों पर कार्रवाई और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन किया था. इस्तीफे की सूचना मिलते ही प्रदर्शनकारी छात्रों में उत्साह का माहौल बन गया. छात्र नेताओं ने कहा कि यह उनकी एकजुटता और लंबे संघर्ष का परिणाम है. गांधी मैदान में छात्रों ने मिठाइयां बांटी और एक-दूसरे को बधाई दी.
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहेCJPके अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा कि यह साबित करता है कि लोकतांत्रिक तरीके से चलाया गया आंदोलन भी बड़े फैसले लेने के लिए सरकार को मजबूर कर सकता है. उन्होंने इसे छात्रों की आवाज की जीत बताया और कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
उधर,धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे में कहा कि पिछले कुछ दिनों की घटनाओं से वह बेहद आहत हैं. उन्होंने लिखा कि यह उनके व्यक्तिगत सम्मान का विषय नहीं है,बल्कि वह नहीं चाहते कि छात्रों के आंदोलन का फायदा राष्ट्रविरोधी ताकतें उठाएं. इसी कारण उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंपने का निर्णय लिया.
हालांकि,इस पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत प्रतिक्रिया और आगे की प्रक्रिया का इंतजार है. छात्रों का कहना है कि उनकी अगली मांग परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--