BIG BREAKING : दारोगा भर्ती मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी, 10,759 अभ्यर्थी PET के लिए चयनित
पटना: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC)ने दारोगा भर्ती विज्ञापन संख्या 05/2025 के तहत आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से बिहार पुलिस में पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा) के कुल 1,799 पदों पर नियुक्ति की जानी है. आयोग द्वारा जारी परिणाम के अनुसार मुख्य परीक्षा में सफल 10,759 अभ्यर्थियों का चयन अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)के लिए किया गया है.
मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई 2026 को आयोजित की गई थी. परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया था,जिनमें से निर्धारित अर्हता अंक प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षा के लिए चुना गया है. आयोग ने विभिन्न आरक्षण श्रेणियों के अनुसार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं. सामान्य वर्ग पुरुष अभ्यर्थियों का कटऑफ 134 अंक जबकि सामान्य वर्ग महिला अभ्यर्थियों का कटऑफ 116.20 अंक रहा. अन्य वर्गों के लिए भी अलग-अलग कटऑफ निर्धारित किए गए हैं.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जारी सूची केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों की है. अंतिम चयन लिखित परीक्षा,शारीरिक दक्षता परीक्षा तथा अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के बाद ही किया जाएगा. सफल अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों के अनुसार अगले चरण की तैयारी करने की सलाह दी गई है.
इस परिणाम के साथ ही दारोगा बनने का सपना देख रहे हजारों युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है. अब सभी की निगाहें शारीरिक दक्षता परीक्षा पर टिकी हैं,क्योंकि यही चरण अंतिम मेरिट सूची में जगह बनाने के लिए निर्णायक साबित होगा. परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है,जबकि अन्य अभ्यर्थी भविष्य की भर्तियों की तैयारी में जुट गए हैं.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-