Hindi News / EO हड़ताल खत्म - सरकार के आश्वासन पर काम पर लौटे अधिकारी, 31...

BIG BREAKING : EO हड़ताल खत्म - सरकार के आश्वासन पर काम पर लौटे अधिकारी, 31 अगस्त तक मांगें नहीं मानी गईं तो फिर होगा आंदोलन

Edited By:  |
big breaking

पटना: बिहार में कार्यपालक पदाधिकारियों (EO)की अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल समाप्त हो गई है. डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के विरोध में शुरू हुआ आंदोलन नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के साथ हुई वार्ता के बाद वापस ले लिया गया. इसके साथ ही राज्य के सभी नगर निगम,नगर परिषद और नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं कर्मचारी 6 अगस्त से अपने-अपने कार्यालयों में लौट आए हैं,जिससे नगर निकायों का कामकाज फिर से सामान्य होने की उम्मीद है.

बैठक में सरकार ने अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण आश्वासन दिए हैं. सभी जिलाधिकारियों,वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को नगर निकाय अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं. जरूरत के अनुसार सशस्त्र होमगार्ड की तैनाती की जाएगी और कार्यपालक पदाधिकारियों के शस्त्र लाइसेंस संबंधी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा होगा. इसके अलावा भू-माफियाओं और फर्जी शिकायतों से अधिकारियों की सुरक्षा के लिए नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू करने की तैयारी भी की जा रही है.

बिहार अर्बन सर्विस एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 अगस्त 2026 तक उनकी प्रमुख मांगों पर अधिसूचना जारी नहीं होती है,तो राज्यभर में दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा. संघ ने दिवंगत अधिकारियों को शहीद का दर्जा देने,उनके परिजनों को दो-दो करोड़ रुपये का मुआवजा,अनुकंपा के आधार पर नौकरी तथा दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की भी मांग दोहराई है. सरकार ने इन मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है. फिलहाल हड़ताल समाप्त होने से नगर निकायों की रुकी हुई सेवाएं दोबारा पटरी पर लौटने लगी है,लेकिन अब सभी की निगाहें 31 अगस्त तक सरकार की कार्रवाई पर टिकी है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-