BIG BREAKING : राष्ट्रीय लोक मोर्चा की नई टीम घोषित, 8 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
पटना : बिहार की राजनीति में चल रही हलचल के बीच राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM)के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहाने पार्टी संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की है. संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से किए गए इस पुनर्गठन में आठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष,पांच महासचिव और छह राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं. खास बात यह है कि पार्टी नेतृत्व से नाराजगी जता चुके नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देकर संगठन में संतुलन साधने की कोशिश की गई है.
नई सूची के अनुसार अरविंद कुमार वाजपेयी,रामेश्वर कुमार महतो,शंकर झा आजाद,मदन चौधरी,पृथ्वीराज यादव,भानू श्रीनिवासन,सीमा सक्सेना और अनिल सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है. इनमें अरविंद कुमार वाजपेयी को मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है.
पार्टी विधायक माधव आनंद को प्रधान महासचिव नियुक्त किया गया है. वहीं फजल इमाम मलिक,राजीव कुमार जायसवाल,रेखा गुप्ता,अखिलेश सिंह और विमलेंदु शेखर सिंह उर्फ पप्पू सिंह को महासचिव बनाया गया है. इसके अलावा योगेंद्र चौहान,रेयाज अहमद,विराट कुशवाहा,रविंद्र राम,चितरंजन सिंह उर्फ झूना सिंह तथा डॉ. तारा श्वेता आर्या को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह संगठनात्मक बदलाव पार्टी के भीतर उभर रही असंतोष की आवाजों को शांत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को तैयार करने की रणनीति का हिस्सा है. विशेष रूप से रामेश्वर कुमार महतो और माधव आनंद जैसे नेताओं को प्रमुख पद देकर पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन सभी नेताओं को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहता है.
उपेन्द्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई है. यह पुनर्गठन बिहार की राजनीति में राष्ट्रीय लोक मोर्चा की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट--