Hindi News / पटना के एलएनजेपी अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, 3 डॉक्टरों पर...

BIG BREAKING : पटना के एलएनजेपी अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री का औचक निरीक्षण, 3 डॉक्टरों पर कार्रवाई

Edited By:  |
big breaking

पटना:बिहार सरकार सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार सख्ती बरत रही है. इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने पटना के लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने तीन डॉक्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है.

जांच के दौरान आरोप मिला कि चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम किशोर सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अपने निजी क्लीनिक भेज रहे थे. विभाग का कहना है कि प्रारंभिक जांच में इस संबंध में साक्ष्य भी मिले हैं. इसे सरकारी सेवा नियमों और चिकित्सकीय आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए उनसे एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है.

निरीक्षण में सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राजकिशोर रौशन भी निर्धारित रोस्टर ड्यूटी से बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए. आरोप है कि ड्यूटी के समय वे अपने निजी क्लीनिक में कार्य कर रहे थे. इस मामले में भी विभाग ने स्पष्टीकरण तलब किया है.

इसके अलावा उप निदेशक (चिकित्सा) डॉ. अमरनाथ प्रसाद पर भर्ती मरीजों का नियमित वार्ड राउंड नहीं करने और मरीजों की केस शीट में आवश्यक चिकित्सकीय विवरण दर्ज नहीं करने का आरोप लगा है. विभाग ने इसे मरीजों की देखभाल में लापरवाही मानते हुए उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि मरीजों को निजी क्लीनिक भेजना,बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहना और इलाज में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में अनुशासन,पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ आगे भी कड़ी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-