Hindi News / NEET विवाद में कार्रवाई के विरोध में तेजस्वी यादव का राजभवन मार्च, पटना...

BIG BREAKING : NEET विवाद में कार्रवाई के विरोध में तेजस्वी यादव का राजभवन मार्च, पटना में पुलिस ने रोका, वाटर कैनन चला, नेता हिरासत में

Edited By:  |
big breaking

पटना: बिहार मेंNEET प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से राजभवन की ओर रवाना हुए.

मार्च को लेकर पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. प्रशासन ने गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा, आयकर गोलंबर और राजभवन की ओर जाने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की थी. मार्च आगे बढ़ने के दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई.

आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने मार्च को रोक दिया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आगे बढ़ने को लेकर स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. इसके बाद तेजस्वी यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. पुलिस उन्हें बैरिकेडिंग के दूसरी तरफ ले गई और फिर एक वाहन में बैठाकर वहां से ले जाया गया. उनके साथ मौजूद राजद कार्यकर्ताओं को भी आगे बढ़ने से रोक दिया गया.

हिरासत में लिए जाने से पहले तेजस्वी यादव ने वाटर कैनन के इस्तेमाल को लेकर सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आदेश पर हुई है. तेजस्वी ने कहा कि इससे आंदोलन पर कोई असर नहीं पड़ेगा और जनता जाग चुकी है.

मार्च के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के पास भी नारेबाजी की. उधर, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने मार्च को लेकर तेजस्वी यादव पर हमला बोला और इसे राजनीतिक विरोध के बजाय कुर्सी बचाने का प्रयास बताया.

राजद नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुई कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा. वहीं, सरकार की ओर से कहा गया कि छात्रों की मांगों को लेकर सरकार संवेदनशील है और शिक्षा तथा परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है.

राजभवन मार्च के दौरान पटना के जिलाधिकारी और एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-