Hindi News / बिहार सरकार ने दो IAS अधिकारियों को किया निलंबित

BIG BREAKING : बिहार सरकार ने दो IAS अधिकारियों को किया निलंबित

Edited By:  |
big breaking

पटना: बिहार सरकार ने भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो आईएएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार 2017 बैच के आईएएस अधिकारी योगेंद्र कुमार सागर और 2014 बैच की आईएएस अधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. यह कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और विशेष निगरानी इकाई की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है.

अधिसूचना के अनुसार योगेंद्र कुमार सागर वर्तमान में समाज कल्याण विभाग में निदेशक के पद पर कार्यरत थे. इससे पहले वे बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (ब्यूडको) के प्रबंध निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं. जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के बाद सरकार ने उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है.

वहीं 2014 बैच की आईएएस अधिकारी अभिलाषा कुमारी शर्मा भी सरकार की कार्रवाई की जद में आई हैं. वे जीविका एवं ग्रामीण विकास विभाग में अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर तैनात थी. सरकार द्वारा जारी आदेश में उनके निलंबन की भी पुष्टि की गई है. बताया जा रहा है कि जांच के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और रिपोर्ट के आधार पर उनके खिलाफ यह कदम उठाया गया है.

सरकारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों का मुख्यालय सामान्य प्रशासन विभाग निर्धारित करेगा तथा सेवा नियमों के तहत उन्हें निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा. निलंबन के दौरान वे बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे.

सूत्रों के अनुसार यह मामला चर्चित रिशु श्री प्रकरण और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच से संबंधित बताया जा रहा है. ईडी और विशेष निगरानी इकाई द्वारा की गई जांच में मिले तथ्यों के बाद सरकार ने त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया. इस कदम को राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है.

दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के एक साथ निलंबन से प्रशासनिक महकमे में हलचल बढ़ गई है. राजनीतिक गलियारों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब आगे की विभागीय जांच और कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे सामने आ सकते हैं.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-