भाजपा का प्रशिक्षण महाभियान 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बोले - संगठन की मजबूती ही भाजपा की ताकत
पटना : राजधानी पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 के अंतर्गत प्रदेश प्रशिक्षण योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया.
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. कार्यकर्ताओं का सतत प्रशिक्षण ही संगठन को मजबूती प्रदान करता है और उन्हें विचारधारा के प्रति और अधिक प्रतिबद्ध बनाता है. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में प्रशिक्षण महाभियान की महत्वपूर्ण भूमिका है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भाजपा संगठन के सभी 52 जिलों में व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिससे हर स्तर के कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त किया जा सके.
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक प्रभावी रूप से पहुंचाएं,ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित हो सके.
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं,बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त वाहक है. प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नेतृत्व क्षमता,अनुशासन और जनसेवा की भावना का विकास होता है,जो संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाता है.
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लें और पार्टी की नीतियों एवं सिद्धांतों को समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें.
बैठक में संगठनात्मक मजबूती,आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा प्रशिक्षण की विस्तृत योजना पर भी चर्चा की गई. वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने भी अपने विचार साझा किए और प्रशिक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए.
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट--