बेरमो में मना विश्व पर्यावरण दिवस : सीसीएल में हरियाली संरक्षण का संकल्प,प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित
बेरमो:आज पूरे देश में विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, संकल्प और जागरूकता के साथ मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में सीसीएल ढोरी क्षेत्र में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किए गए.इस अवसर पर पंडित दीनदयाल चौक के पास पौधारोपण किया गया,जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया.
इसके बाद महाप्रबंधक कार्यालय में प्रभारी जीएम राजीव कुमार सिंह ने ध्वजारोहण किया और सभी उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई. उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसके लिए निरंतर प्रयास जरूरी है.
वहीं, सीसीएल लेडीज क्लब में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण बचाने का संदेश दिया,जिसे सभी ने सराहा.
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया. विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर सीसीएल ढोरी क्षेत्र से पर्यावरण संरक्षण का एक मजबूत और सकारात्मक संदेश देखने को मिला.