बंगाल चुनाव पर सियासत : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बिगड़े बोल,सीएम योगी पर दिए विवादित बयान
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी अपने बयान के कारण एक बार फिर सुर्खियों में है. बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए बयान पर डॉ.इरफान अंसारी ने पलटवार करते हुए विवादित बयान दिया है.
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने विवादित बयान का खुद सोशल मीडिया 'X' हैंडल पर पोस्ट साझा किया है. उन्होंने लिखा है कि योगी आदित्यनाथ ये बंगाल है, यहां उत्तर प्रदेश वाली भाजपा सरकार नहीं है. नियमित और संयमित होकर बयानबाजी करें. यहां की युवा, यहां के लोग आप जैसे बाबा को पॉकेट पर लेकर चलते हैं.
सूबे के स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर झारखंड की गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. इरफान अंसारी के बयान पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.
बीजेपी ने इरफान अंसारी के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी से पता चलता है कि स्वास्थ्य मंत्री कितने कट्टर है. इस बार उन्होंने मधुमक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया है जिसका खामियां मंत्री को भुगतना बढ़ेगा और हम लोग इनके इस बयान पर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे.