बसंत पंचमी : विद्या की देवी मां सरस्वती की हुई पूजा-अर्चना, पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं का लगा तांता
धनबाद:बसंत पंचमी के अवसर पर पूर्वी टुंडी प्रखंड के बामनबाद गांव में ज्ञान और विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा-अर्चना की गई. पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल है. बच्चे-बड़े सभी मां सरस्वती की पूजा में लीन है.
पंडित विवेकानंद भट्टाचार्य द्वारा पूजा संपन्न कराया गया. उनके कुशल मार्गदर्शन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां शारदे की प्राण-प्रतिष्ठा भी की गई. माना जाता है कि मां सरस्वती की आराधना से छात्रों में एकाग्रता और सद्बुद्धि का संचार होता है. वहीं, पूजा के अंत में सामूहिक पुष्पांजलि का आयोजन किया गया,जिसमें सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया.
वहीं, गांव के मुख्य पंडाल में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. पीले वस्त्रों में सजे छोटे-छोटे बच्चों ने मां के चरणों में कलम और पुस्तकें अर्पित कर आशीर्वाद मांगा. बसंत पंचमी के मौके पर कई बच्चों का'विद्यारंभ संस्कार' भी कराया गया. जो इस क्षेत्र की पुरानी परंपरा रही है. पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि बामनबाद की सरस्वती पूजा पूरे पूर्वी टुंडी क्षेत्र में अपनी भव्यता और अनुशासन के लिए जानी जाती है.