बांकीपुर उपचुनाव : एनडीए ने किया जीत का दावा,प्रशांत किशोर और तेजस्वी पर साधा निशाना
पटना:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. रविवार को बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एनडीए की संयुक्त प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार और बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने चुनाव में भारी जीत का दावा करते हुए जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) और राजद नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला.प्रेस वार्ता के दौरान एनडीए नेताओं ने एक स्वर में कहा कि बांकीपुर उपचुनाव में विकास, सुशासन और जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है तथा विपक्ष के आरोपों को जनता पूरी तरह खारिज करेगी.
बांकीपुर की जनता विकास के मुद्दे पर एनडीए के साथ खड़ी
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास के मुद्दे पर एनडीए के साथ खड़ी है और गठबंधन बड़े अंतर से चुनाव जीतेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर चुनाव में धनबल का इस्तेमाल कर रहे हैं और हताशा में जीविका दीदियों पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता का कोई दुरुपयोग नहीं हो रहा है और विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है।
तेजस्वी पर महिला नेताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप
जेडीयू नेता नीरज कुमार ने तेजस्वी यादव पर महिला नेताओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों को निशाना बनाना महिलाओं का अपमान है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जन सुराज के कुछ कार्यकर्ताओं पर होटल में ठहरने के बाद भुगतान नहीं करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। नीरज कुमार ने कहा कि एनडीए का उम्मीदवार एक सामान्य कार्यकर्ता है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।
प्रशांत किशोर पर जनता को भ्रमित करने का आरोप
बीजेपी एमएलसी नवल किशोर यादव ने भी प्रशांत किशोर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर में एनडीए के विकास कार्यों के कारण विपक्ष को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है और चुनाव परिणाम एनडीए के पक्ष में आएंगे।