Animal ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल : धांसू अंदाज में नजर आए रणबीर-बॉबी, फिल्म ने की छप्पर फाड़ कमाई
DESK : मोस्टवेटेड मूवी एनिमल ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है। संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को दर्शकों की तरफ से खूब सराहना मिल रही है। हर कोई फिल्म की जमकर तारीफ कर रहा है। वहीं फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस के कई रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी एनिमल तहलका मचा रही है। एनिमल में एक्टर बॉबी देओल ने एक खतरनाक विलेन का किरदार निभाया है। फिल्म में उनके लुक और शानदार प्रदर्शन की खूब तारीफ हो रही है। संदीप वांगा रेड्डी ऐसे डायरेक्टर हैं जिनकी फिल्मों में जो भी चीजे दिखाई जाती है, वह हद से गुजरी हुई होती है। इसकी मिसाल उनकी फिल्म अर्जुन रेड्डी और कबीर सिंह में दर्शकों ने साफ़ तौर पर देखा है। इस फिल्म में एक सिरफिरे आशिक़ की कहानी को दर्शाया गया था वहीं अब वह एनिमल लेकर आए हैं जिसमे एक बाप बेटे के बेशुमार प्यार को दर्शाया गया है।

एनिमल की कहानी बाप-बेटे के रिश्ते की है। कहानी की बात करें तो बाप अमीर है, जो अपने काम में व्यस्त रहते हैं। बेटा चाहता है तो सिर्फ पिता की तवज्जो और प्यार, जिसके लिए वह कुछ भी कर गुजरने को तैयार है। वहीं जब जब पिता पर संकट आता है तो यह बेटा ढाल बनकर खड़ा हो जाता है और हर हद से गुजर जाता है। फिल्म तीन घंटे 21 मिनट की है।

बात करें फिल्म की कमाई की तो पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर छप्पर फाड़ कमाई करने वाली 'एनिमल' ने दूसरे दिन भी गर्दा उड़ा दिया। वर्ल्डवाइड कलेक्शन में फिल्म पहले ही दिन 100 करोड़ के पार की कमाई करने में कामयाब रही। अब डोमेस्टिक कलेक्शन में भी मूवी ने इस आंकड़े को पार कर लिया है। हालांकि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि एक हफ्ते के अंदर फिल्म 200 करोड़ की क्लब में एंट्री कर पाती है या नहीं।