Hindi News / शिव मंडप में स्थापित 33 इंच के लघु सहस्त्रलिंगम पर सावन के...

विराट रामायण मंदिर : शिव मंडप में स्थापित 33 इंच के लघु सहस्त्रलिंगम पर सावन के पहली सोमवारी शुरू होगी रूद्राभिषेक कराने की सुविधा

Edited By:  |
virat ramayan mandir

पटना :सावन इस साल 30 जुलाई से शुरू हो गया है और 28 अगस्त तक चलेगा. अंतिम सोमवार 24 अगस्त को है. इस पवित्र महीने में चार सोमवार पड़ेंगे, जिसकी शुरूआत तीन अगस्त (सोमवार) से होगी. इस वर्ष श्री महावीर स्थान न्यास समिति की ओर से संचालित पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर और पूर्वी चंपारण के (कैथवलिया) रामजानकी नगर के विराट रामायण मंदिर में भी शिव मंडप में स्थापित शिवलिंग पर रूद्राभिषेक कराने की व्यवस्था की गई है जिससे भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो. क्योंकि विराट रामायण मंदिर में दूर से भक्त आते हैं. वैसे विराट रामायण मंदिर में स्थापित शिवलिंग पर रूद्राभिषेक कराने का शुल्क 1100 रुपए निर्धारित किया गया है. इसमें शिव मंडप में रूद्राभिषेक कराने वाले भक्त को पूजा सामग्री खुद लानी होगी. इसके अलावा अयोध्या से दो पुजारी बुलाए गए हैं, यही दोनों पुजारी विराट रामायण मंदिर के शिवमंडप में रूद्राभिषेक कराएंगे. तीन अगस्त को सावन की पहली सोमवारी है. उसी दिन से विराट रामायण मंदिर में रूद्राभिषेक की शुरूआत होगी. नैवेद्यम, फूल माला काउंटर भी तीन अगस्त से शिव मंडप प्रांगण में शुरू हो जाएगा. इससे भक्तों के प्रसाद और फूल माला लेने में सहूलियत हो जाएगी.

श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल का कहना है कि विराट रामायण मंदिर में जलाभिषेक या फिर रूद्राभिषेक करने आने वाले भक्त को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. उसी तरह से व्यवस्था वहां की जा रही है.

वैसे विराट रामायण मंदिर का शिवलिंग फिलहाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है क्योंकि विश्व का यह सबसे बड़ा 33 फीट का सहस्त्रलिंगम स्थापित हो चुका है. यहां लोग पूजा पाठ कर सके इसके लिए इस शिवलिंग से हटकर एक शिव मंडप का निर्माण किया गया है. जहां पूजा-पाठ,जलाभिषेक और रूद्राभिषेक करने के लिए 33 इंच का लघु सहस्त्रलिंगम (शिवलिंग) स्थापित किया गया है. विराट रामायण मंदिर में प्रतिदिन चार से पांच हजार भक्त पहुंच जाते हैं. सावन में यह भीड़ और बढ़ने की उम्मीद की जा रही है. विराट रामायण मंदिर का निर्माण कार्य 120 एकड़ में चल रहा है. यहां 22 मंदिर और 18 शिखर होंगे. यह मंदिर पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल का ड्रीम प्रोजेक्ट है. यह विश्व का सबसे बड़ा विराट रामायण मंदिर होगा. विराट रामायण मंदिर की दूरी पटना से करीब 120 किलोमीटर है.

रूद्राभिषेक की बुकिंग..

विराट रामायण मंदिर के शिव मंडप में रूद्राभिषेक कराने की बुकिंग के लिए इस नंबर पर 9717974548 (सुमन) संपर्क किया जा सकता है. भक्त इस नंबर फोन करके बुकिंग करा सकते हैं. जलाभिषेक के लिए भक्तों की अधिक भीड़ होने पर अरघा की व्यवस्था की जाएगी.

पूजा-पाठ के लिए श्रावण सर्वश्रेष्ठ महीना...

सावन महीना शंकर भगवान की कृपा पाने और पूजा-अर्चना करने के लिए उत्तम संयोग है. स्कन्द पुराण से लेकर वायु पुराण तक प्रत्येक प्रमुख ग्रंथों में श्रावण को सर्वश्रेष्ठ मास घोषित किया गया है. इन ग्रंथों में न सिर्फ व्रत और पूजा की विधि बताई गई है,बल्कि यह स्पष्ट किया गया है कि इस महीने में अर्पित की गई जल की एक बूंद भी भगवान शिव को अत्यंत प्रसन्न करती है.

पटना से अंकिता की रिपोर्ट --