विकास से जुड़ी जानकारी अब डिजिटल मंच पर : बिहार के State Transformation Cell की नई वेबसाइट लॉन्च
पटना: बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत State Transformation Cell (STC) की नई वेबसाइट का शुभारंभ 10 जुलाई 2026 को किया गया। योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने इस वेबसाइट का औपचारिक उद्घाटन किया।
State Transformation Cell राज्य में परिवर्तनकारी विकास पहलों को गति देने के लिए कार्य कर रहा है। यह इकाई State Support Mission (SSM) और नीति आयोग के सहयोग से नवाचार, संस्थागत सुधार, डेटा-आधारित नीति निर्माण तथा परिणामोन्मुखी प्रशासन को बढ़ावा देने का कार्य करती है।
नई वेबसाइट पर STC की विभिन्न योजनाओं, प्रमुख परियोजनाओं, नीति दस्तावेजों, शोध अध्ययनों, नवाचारों, सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों (Best Practices), प्रकाशनों तथा बिहार के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण संसाधनों को एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराया गया है। इससे सरकारी विभागों, नीति-निर्माताओं, शोधकर्ताओं, शिक्षण संस्थानों, विकास सहयोगी संस्थाओं और आम नागरिकों को विश्वसनीय एवं अद्यतन जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी।
सरकार का मानना है कि यह पोर्टल बिहार में चल रहे परिवर्तनकारी सुधारों और नवाचार आधारित सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही, विभिन्न हितधारकों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, सहयोग और जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपयोगकर्ता-अनुकूल डिज़ाइन, सरल नेविगेशन और नियमित रूप से अपडेट की जाने वाली सामग्री के साथ यह वेबसाइट डिजिटल गवर्नेंस को और मजबूत करेगी। इसके माध्यम से बिहार के विकास मॉडल, नीतिगत सुधारों और नवाचारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने में भी सहायता मिलेगी। यह पहल राज्य की डिजिटल प्रशासनिक व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।