विजेंद्र यादव के बयान पर पलटवार : तेजस्वी बोले-पहले सम्राट चौधरी की डिग्री बताया जाए,तमाम मुद्दों पर सरकार को घेरा
पटना:बिहार केडीप्टी सीएमविजेंद्र यादव के एक बयान से राजनीतिक गलियारों में घमासान मच गया है. उन्होंनेतेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि वे नौंवी फेल हैं. उनके इस बयान पर बवाल मचा हुआ है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले सम्राट चौधरी की डिग्री बताई जाए. तेजस्वी ने कहा कि उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता कभी नहीं छिपाई, लेकिन देश के प्रधानमंत्री की डिग्री को लेकर वर्षों से सवाल उठते रहे हैं.
'जिस तरह एक मंत्री प्रोफेसर बन गए,निशांत भी इंजीनियर बन जाएंगे'
तेजस्वी यादव ने निशांत कुमार को लेकर भी तंज कसते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा मंत्री पर पूरा भरोसा है कि वे निशांत को भी इंजीनियर बना देंगे. उन्होंने कहा कि जिस तरह एक मंत्री प्रोफेसर बन गए, उसी तरह उम्मीद है कि निशांत भी इंजीनियर बन जाएंगे.बिहार सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी ने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई और पलायन चरम पर है. कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो चुकी है और अपराधी बेलगाम हैं. उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है,जबकि अमीर और अमीर और गरीब और गरीब होता जा रहा है.
रिशु श्री मामले समेत कई घोटालों का किया जिक्र
तेजस्वी ने कहा कि सरकार के खजाने में कुछ नहीं है और बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने रिशु श्री मामले समेत कई घोटालों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जवाब देने से बच रही है और जनता का ध्यान भटकाने के लिए बंगला, सुरक्षा और नाम बदलने जैसे मुद्दे उछाले जा रहे हैं.
महिलाओं को 2 लाख देने के वादे पर भी दागे सवाल
उन्होंने कहा कि नौजवान जब अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर उतरते हैं तो उन पर लाठियां बरसाई जाती हैं. महिलाओं को 2 लाख देने के वादे का भी जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि उस वादे का क्या हुआ.
सरकार सिर्फ हवा-हवाई बातें करती
सम्राट चौधरी को बहस की चुनौती देते हुए तेजस्वी ने कहा कि अगर वे राजनीति कर रहे हैं तो मुख्यमंत्री के तौर पर कुछ ठोस काम और बदलाव भी दिखाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ हवा-हवाई बातें करती है और जनता सब देख रही है.
'लालू यादव का संघर्षपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणा'
लालू यादव के जन्मदिन का भी जिक्र करते हुए तेजस्वी ने कहा कि गरीबों के मसीहा और सामाजिक न्याय के प्रतीक लालू प्रसाद यादव का संघर्षपूर्ण जीवन सभी के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि वे हमेशा परिवार और पार्टी का मार्गदर्शन करते रहे,यही कामना है.