Ram Mandir Pran Pratishtha : प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की आ गयी शुभ घड़ी, गर्भगृह में मंत्रोच्चार के साथ PM मोदी कर रहे आराधना
Ram Mandir Pran Pratishtha :अयोध्या में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की शुभ घड़ी अब आ गयी है। अब कुछ ही देर में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा होगी। पीएम मोदी अयोध्या पहुंच चुके हैं और गर्भगृह में मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
आ गयी शुभ घड़ी
इससे पहले शुभ संस्कारों की शुरुआत मंगलवार 16 जनवरी को ही हो गई थी, जो 21 जनवरी रविवार तक जारी रहीं। प्राण प्रतिष्ठा के लिए 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से लेकर 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड (12:29:08-12:30:32) का मुहूर्त चुना गया है। ये कुल 84 सेकेंड का मुहूर्त है।

अयोध्या में VVIP मेहमानों का आना रविवार से ही शुरू हो गया था। करीब 7000 विशेष अतिथि अयोध्या पहुंच चुके हैं। 'गर्भ-गृह में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पूर्ण होने के बाद सभी साक्षी महानुभावों को दर्शन कराया जाएगा।' ट्रस्ट के अनुसार, समारोह के अनुष्ठान की सभी प्रक्रियाओं का समन्वय, समर्थन और मार्गदर्शन करने वाले 121 आचार्य होंगे। श्री गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ सभी प्रक्रियाओं की निगरानी, समन्वय और दिशा-निर्देशन करेंगे और काशी के श्रीलक्ष्मीकांत दीक्षित मुख्य आचार्य हैं।

वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अपनी पत्नी नीता अंबानी के साथ अयोध्या पहुंचें है। वहीं, क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, रणवीर कपूर, आलिया भट्ट भी अयोध्या पहुंचे हैं। मुकेश अंबानी के अलावा आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला समेत कारोबारी जगत के कई नाम अयोध्या पहुंच चुके हैं।
