तेलंगाना के कृषि मंत्री से मिले विजय कुमार सिन्हा : बिहार-तेलंगाना के बीच कृषि सहयोग पर हुई चर्चा
पटना: बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों हैदराबाद दौरे पर हैं। हैदराबाद में तेलंगाना सरकार के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने उनका आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कृषि, किसानों और कृषि क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।
विजय कुमार सिन्हा ने तेलंगाना के कृषि मंत्री से मुलाकात को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कृषि मंत्री के रूप में उनसे मिलने और अनुभव साझा करने का अवसर मिला। बातचीत के दौरान बिहार और तेलंगाना के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
दोनों राज्यों के किसानों के हित में कृषि तकनीक, उत्पादन बढ़ाने, किसानों की आय में वृद्धि और आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर रहा। बिहार के लिए तेलंगाना के कृषि क्षेत्र में अपनाई जा रही तकनीकों और सफल प्रयोगों से सीख लेने की संभावनाएं भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।
विजय कुमार सिन्हा ने तेलंगाना के कृषि मंत्री के आत्मीय स्वागत और स्नेह के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्यों के बीच अनुभवों और तकनीकों का आदान-प्रदान किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।
बिहार में कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने पर सरकार लगातार जोर दे रही है। ऐसे में तेलंगाना के साथ कृषि क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस मुलाकात को दोनों राज्यों के कृषि क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय और भविष्य में सहयोग की नई संभावनाओं की दिशा में एक सकारात्मक पहल के तौर पर देखा जा रहा है।