तेजस्वी का सरकार पर हमला : EO हत्याकांड पर विधायक पर FIR की मांग,पुलिस जांच पर उठाए सवाल
पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार हत्याकांड को लेकर सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार और पुलिस पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय विधायक को बचाने में लगी है। तेजस्वी ने लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिना फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के ही पुलिस ने ड्राइवर को आरोपी घोषित कर दिया, जबकि मृतक के परिजनों ने विधायक समेत अन्य लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना था कि पुलिस को हर पहलू की जांच करनी चाहिए। उन्होंने ड्राइवर द्वारा बयान बदलने और मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों का हवाला देते हुए एक से अधिक लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई।
पुलिस के इस तर्क पर कि काम के दबाव के कारण चालक ने हत्या की, तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि यही तर्क सही है तो कोई भी ड्राइवर मुख्यमंत्री की भी हत्या कर सकता है। उन्होंने इसे पूरी तरह अव्यावहारिक और गैर-जिम्मेदाराना बताया।
तेजस्वी ने राज्य में बढ़ते अपराध पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सरकार के कार्यकाल में अधिकारियों की हत्या की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। बांकीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने सरकार के कामकाज के खिलाफ अपना फैसला सुनाया है।