डीएम ने स्वतंत्रता सेनानी का किया सम्मान : बिदुपुर में ज्योति देवी सम्मानित, पहुंचीं डीएम वर्षा सिंह
हाजीपुर- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वैशाली की जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने बिदुपुर प्रखंड के शादुल्लापुर धबौली पंचायत स्थित खजवटा गांव पहुंचकर वरिष्ठ महिला स्वतंत्रता सेनानी ज्योति देवी को सम्मानित किया। डीएम ने ज्योति देवी के आवास पर पहुंचकर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी से आत्मीय संवाद किया, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके दीर्घायु जीवन की कामना की।
डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। आज देश जिस स्वतंत्रता का अनुभव कर रहा है, वह उनके त्याग, बलिदान और अदम्य साहस का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रनायकों का सम्मान करना केवल प्रशासन का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। बताया गया कि ज्योति देवी और उनके पति स्वर्गीय नारायण सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया।
वर्तमान में ज्योति देवी बिदुपुर प्रखंड की एकमात्र जीवित महिला स्वतंत्रता सेनानी हैं। नई पीढ़ी के लिए उनका जीवन संघर्ष, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है। आमतौर पर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करने के लिए प्रशासनिक कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाता है। हालांकि, ज्योति देवी की उम्र को देखते हुए इस बार डीएम स्वयं उनके घर पहुंचीं और स्वतंत्रता दिवस से पूर्व उन्हें सम्मानित किया।
जिला प्रशासन ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और आदर्शों को हमेशा याद रखा जाएगा तथा उनकी प्रेरणाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट





