Hindi News / विकास और सख्त प्रशासन का दिया संदेश,कहा-बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती को करूंगा पूरा

तारापुर में सम्राट चौधरी का संबोधन : विकास और सख्त प्रशासन का दिया संदेश,कहा-बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती को करूंगा पूरा

Edited By:  |
tarapur mein samrat chowdhary ka sambodhan

मुंगेर:जिले के असरगंज प्रखंड अंतर्गत बैजलपुर पंचायत में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत हेलीकॉप्टर से मुंगेर पहुंचे. मुंगेर के बीजेपी विधायक कुमार प्रणय और तारापुर के पूर्व विधायक राजीव सिंह ने सीएम सम्राट का स्वागत किया.

सीएम ने सुना प्रधानमंत्री के 'मन की बात'

मुख्यमंत्री हेलीपैड से सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जहां पहले से मौजूद स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया. इसके बाद सम्राट चौधरी ने लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात”के 133वें एपिसोड को सुना.

नीतीश के अधूरे कार्यों को करेंगे पूरा

पीएम का कार्यक्रम सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित किया. इस दौरान सीएम ने बताया कि इस क्षेत्र से वे पहली बार विधायक बने और पहली बार मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला, जो उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी और चुनौती है. उन्होंने कहा कि उन्हें अपने क्षेत्र की सेवा करने का अवसर मिला है और अब अधूरे कार्यों को पूरा करेंगे.

लापरवाही बरतने पर पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक बिहार को सजाने और विकास देने का काम किया. साथ ही उन्होंने प्रशासनिक सख्ती का संकेत देते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ब्लॉक और अंचल स्तर तक मॉनिटरिंग की जाएगी और यदि कोई पदाधिकारी एक महीने से अधिक फाइल लंबित रखता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.

125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना होगा लागू

उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 125 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की योजना लागू की जा रही है और बिहार में वित्त की कोई कमी नहीं है. पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए योजनाएं शुरू की गई हैं, जिसमें देवघरा पहाड़ के लिए 26 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.

इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर उन्होंने बताया कि फोरलेन सड़कों को जोड़ने का काम शुरू हो चुका है और भविष्य में कोलकाता तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है. बाढ़ की समस्या के समाधान के लिए जल प्रबंधन की नई योजना पर काम चल रहा है, जिसमें अतिरिक्त पानी को गंगा में नियंत्रित करने और डैमों के माध्यम से जल वितरण की व्यवस्था की जाएगी.

सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे

मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी, चाहे वह किसी का भी घर क्यों न हो. उन्होंने यह भी बताया कि तारापुर में उनके अपने घर पर भी प्रशासन कार्रवाई कर रहा है, जिससे स्पष्ट है कि कानून सभी के लिए समान है. फैक्ट्री लगाने के लिय जमीन की आवश्यकता है. ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने हर घर तक एक किलोवाट सोलर बिजली पहुंचाने की योजना की जानकारी दी. जिससे भविष्य में लोगों को बिजली के लिए सरकार पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

जिसने मुझे वोट दिया, मैं उसका सेवक हूं

संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि “जिसने मुझे वोट दिया, मैं उसका सेवक हूं”. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के बड़े भाई रोहित चौधरी, जिला अध्यक्ष प्रोफेसर अरुण कुमार पोद्दार, जिला परिषद अध्यक्ष साधना देवी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन, भाजपा नेता शंभू शरण राय, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पानिकर और एसपी सैयद इमरान मसूद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.