Hindi News / एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में भारी बवाल,खराब परिणाम से नाराज छात्रों ने...

समस्तीपुर : एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में भारी बवाल,खराब परिणाम से नाराज छात्रों ने किया हंगामा

Edited By:  |
samastipur

समस्तीपुर:जिले के एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है,जहां परीक्षा के खराब परिणाम से नाराज छात्रों ने जमकर हंगामा किया. छात्रों ने कॉलेज परिसर में तोड़-फोड़ की और एक वाहन को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया.

बताया जा रहा है कि बीएससी नर्सिंग की परीक्षा में करीब 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था,लेकिन बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा में सफल नहीं हो सके. रिजल्ट सामने आने के बाद छात्रों में आक्रोश है और कॉलेज परिसर में जमकर विरोध प्रदर्शन किया.इसी दौरान एक छात्र द्वारा पेट्रोल पी लिया गया,जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है और सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.वहीं,कई छात्रों ने कॉलेज पर कई सवाल उठाए हैं.

छात्रों का आरोप है कि वे चौथे सेमेस्टर में पहुंच चुके हैं,लेकिन अब तक प्रथम सेमेस्टर का परिणाम भी पूरी तरह सही तरीके से जारी नहीं हो पाया है.छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार कक्षाएं करने के बावजूद परीक्षा और परिणाम में हो रही देरी से उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है. छात्रों का कहना है कि यदि इसी तरह से सेशन में देरी होती रही तो आगे की पढ़ाई और करियर पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से समय पर परीक्षा आयोजित करने और लंबित परिणाम जल्द जारी करने की मांग की है.

वहीं,पूरे मामले को लेकर एसके मंडल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन के डायरेक्टर का कहना है कि उन्होंने परीक्षा विभाग से रिजल्ट की समीक्षा करने की मांग की है. अब देखना होगा कि समीक्षा के बाद छात्रों के रिजल्ट में कोई बदलाव होता है या नहीं.