राज्यपाल से मिले सरयू राय : झारखंड भू-विरासत विधेयक सदन में पेश करने के लिए मांगी मंजूरी

Edited By:  |
rjyapal se mile saryu rai

रांची: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय विधानसभा के आगामी बजट सत्र-2026 में एक गैर सरकारी विधेयक के रूप मेंझारखंड भू-विरासत (जीवाश्म) विधेयकपेश करने वाले हैं. यह विधेयक धन विधेयक होगा. सरयू राय ने बताया कि संवैधानिक प्रावधान है कि धन विधेयक को सदन में पेश करने से पहले इस पर राज्यपाल की मंज़ूरी आवश्यक होती है. इसी क्रम में उन्होंने विधेयक का प्रारूप राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को सौंपा और बिल को पेश करने के लिए अनुमति मांगा.

राज्यपाल ने सरयू राय को आश्वस्त किया कि उनके विधेयक का प्रारूप अनुशंसा के साथ राज्य सरकार को भेजेंगे और सरकार एवं विधानसभा द्वारा उचित माध्यम से संचिका में उनके पास आएगा तो वे शीघ्र इसे पेश करने की मंज़ूरी देंगे.

गौरतलब है कि सरयू राय ने मंगलवार को उक्त विधेयक का प्रारूप विधानसभा अध्यक्ष को भी सौंपा. उन्हें यह गैर सरकारी विधेयक विधानसभा के आगामी बजट सत्र-2026 के दौरान सभा के समक्ष प्रस्तुत करने की सूचना दी.

विधायक सरयू राय का कहना है कि राजमहल की पहाड़ियों-खासकर साहेबगंज और पाकुड़ ज़िलों- में काष्ठ जीवाश्म बड़ी संख्या में यत्र तत्र मिल रहे हैं और खनन आदि मानवीय गतिविधियों के कारण बर्बाद हो रहे हैं. जबकि, ये राष्ट्रीय विरासत हैं जिनके संरक्षण की जरूरत है. इसके लिए एक अधिनियम और नियमावली बनाना अतिआवश्यक है.

रांची से वरिष्ठ संवाददाता संतोष कुमार की रिपोर्ट