रांची पुलिस की बड़ी सफलता : ऑनलाइन गेम की लत से लापता 15 वर्षीय किशोर दिल्ली से सकुशल बरामद
रांची:रांची पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.ऑनलाइन गेम की लत से लापता 15 वर्षीय किशोर को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया गया है. रांची पुलिस की तकनीकी टीम ने ये कार्रवाई की है. ऑनलाइन गेम की लत ने एक बार फिर परिवार के लिए बड़ी परेशानी की सबब बन गई है. 15 वर्षीय आशविन आनंद को रांची पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से दिल्ली से सकुशल बरामद किया है.
ऑनलाइन गेम STAKE की लत में था
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़का ऑनलाइन गेम STAKE में काफी पैसा हार चुका था, जिसके कारण वह तनाव में था और इसी वजह से बिना किसी को बताए घर छोड़कर निकल गया था. जानकारी के अनुसार, 24 मई को आशविन आनंद अचानक घर से लापता हो गया था. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करायी.
पुलिस की तत्परता ने लाई रंग
मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच और लगातार छापेमारी शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को युवक के दिल्ली में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस की तत्परता और तकनीकी अनुसंधान की मदद से नाबालिग को सुरक्षित वापस लाया गया.
रांची पुलिस की अभिभावकों से अपील
इस मामले ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत और उसके दुष्परिणामों को उजागर किया है. रांची पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने का प्रयास करें.