रांची : भ्रष्टाचार के आरोपों पर JMM का पलटवार,जनता उनके दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर समझ चुकी
रांची:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने झारखंड सरकार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर पलटवार किया है. उन्होंने बीजेपी के आरोप को पूरी तरह निराधार,राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित और जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी नेताओं को झारखंड सरकार पर अनर्गल आरोप लगाने से पहले केंद्र सरकार की नीतियों और जनता पर पड़ रहे उसके दुष्प्रभावों का जवाब देना चाहिए.
'बीजेपी रोज नए आंकड़े गढ़कर जनता को भ्रमित कर रही'
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि बीजेपी रोज नए आंकड़े गढ़कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है. बीजेपी नेता टीवी चैनलों पर बड़े आत्मविश्वास के साथ झूठ परोसते हैं, लेकिन जनता अब उनके दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर समझ चुकी है. उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती थीं, तब बीजेपी सरकार महंगाई के लिए ईरान युद्ध, वैश्विक संकट और तेल कंपनियों के कथित घाटे का हवाला देती थी, लेकिन आज जब कच्चा तेल लगभग 108 डॉलर प्रति बैरल से घटकर 87 डॉलर प्रति बैरल के आसपास आ गया है, तब पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उसी अनुपात में राहत क्यों नहीं दी जा रही है?
केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल
जेएमएम महासचिव ने कहा कि बीजेपी हमेशा कहती है कि भारत अपनी 85 प्रतिशत तेल आवश्यकता आयात करता है, लेकिन जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होती हैं, तब अचानक यह तर्क सामने आ जाता है कि पेट्रोल-डीजल के दाम केवल कच्चे तेल से तय नहीं होते. यह दोहरा मापदंड बीजेपी की आर्थिक नीतियों की सच्चाई उजागर करता है. उन्होंने कहा कि रुपया गिर नहीं रहा है, बल्कि केंद्र सरकार उसे संभालने में विफल साबित हो रही है.
'बीजेपी के पास जनता के मुद्दों पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा'
विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार जनकल्याण, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है. बीजेपी के पास जनता के मुद्दों पर कोई सकारात्मक एजेंडा नहीं बचा है, इसलिए वह निराधार आरोपों और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। झारखंड की जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है और समय आने पर उसका जवाब भी देगी।