रांची : राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में अपराधियों का तांडव, बंधक बनाकर 3.35 लाख लूटकर फरार
रांची:ओरमांझी थाना क्षेत्र में स्थित एक बड़े राइस मिल और कोल्डड्रिंक्स गोदाम में भीषण डकैती का मामला सामने आया है. हथियारों से लैस 20 से 22 अपराधियों ने पांच घंटे तक वारदात को अंजाम दिया है. यह कारखाना ओरमांझी के तापे गांव में स्थित है. 20 से 22 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने देर रात परिसर में मौजूद कर्मियों को पहले बंधक बनाया फिर मारपीट भी की. अपराधियों ने मौके पर मालिक के अपहरण की भी धमकी दी और लॉकर से 3 लाख 35 हजार नगद लूटकर फरार हो गया. इसके अलावा ट्रांसफार्मर तोड़कर कॉपर वायर और गोदाम में रखी कोल्डड्रिंक्स की बोतलें भी लूटकर ले गये.
काला कपड़ा बांधकर पहुंचे हथियारबंद अपराधी
घटना 10 जुलाई की रात करीब 10.45 बजे की है. इस मामले में रांची निवासी आदित्य सिंह के बयान पर 12 जुलाई को ओरमांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. चेहरे और सिर पर काला कपड़ा बांधे हथियारबंद अपराधी एक पिकअप वैन से पहुंचे थे. मौके पर मौजूद कर्मी अनिल सिंह को पकड़कर उनसे मालिक व कैंपस की जानकारी ली,फिर उन्हें बंधक बना दिया. इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर मौजूद कर्मी विनीत सिंह पर हमला कर लॉकर की चाबी छीनकर नगद लूट ली गयी. राइस मिल के कर्मीविनीत को भी बांधकर पैनल रूम में बंद कर दिया गया. अपराधियों को कारखाने की बनावट और लॉकर की पूरी जानकारी थी.
रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक हुई डकैती की वारदात
पीड़ित आदित्य सिंह के अनुसार डकैती रात करीब 11 बजे से सुबह 4 बजे तक डकैती की वारदात जारी रहा. सभी अपराधी लूटपाट के बाद दो वाहनों पर सामान लादकर फरार हो गये. उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है. आरोप है कि पुलिस चोर की तलाश करने के बजाय पूछताछ के नाम पर राइस मिल के कर्मी विनीत को थाने ले गये.
राइस मिल के कर्मी का आरोप,अपराधियों की जगह मुझसे हुई पूछताछ
इस मामले में राइस मिल के कर्मी विनीत ने बताया कि उसने सारी जानकारी पुलिस को दे दी है,फिर भी वह अपराधियों को पकड़ने की बजाय मुझसे ही अपराधी जैसा व्यवहार कर रहे हैं. थाने में उनके साथ 10 घंटे तक दुर्व्यवहार किया गया. ज्ञात हो कि इसी परिसर में वर्ष 2023 में भी डकैती हो चुकी है,जिसमें लाखों की संपत्ति लूट ली गयी थी.
पुलिस ने मारपीट के आरोप को बताया गलत
वहीं,ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है.फिलहाल जांच जारी है. उन्होंने बताया कि विनीत को पूछताछ के लिए बुलाया गया था,मारपीट का आरोप गलत है.