Hindi News / स्मार्ट सिटी में बनेगा 79 करोड़ की लागत से आधुनिक अर्बन हाट,विभागीय स्तर...

रांची : स्मार्ट सिटी में बनेगा 79 करोड़ की लागत से आधुनिक अर्बन हाट,विभागीय स्तर पर प्रयास जारी

Edited By:  |
ranchi

रांची: रांची स्मार्ट सिटी में लगभग 79 करोड़ की लागत से आधुनिक अर्बन हाट का निर्माण होगा। इस परियोजना को मुख्य अभियंता ने तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। फिलहाल जुडको की ओर से आधुनिक अर्बन हाट का सीएस तैयार किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र के प्लॉट नंबर_54 पर आधुनिक अर्बन हाट का निर्माण होगा। इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग नौ एकड़ क्षेत्र भूमि में से 36 हजार वर्ग मीटर जमीन का उपयोग होगा। जुडको के अधिकारियों की मानें तो आधुनिक अर्बन हाट के लिए प्रस्तावित भूमि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत मिक्सड यूज श्रेणी में है। इसलिए इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए भूमि उपयोग में परिवर्तन की प्रक्रिया को पूरा करना होगा। विभागीय स्तर पर इस दिशा में प्रयास जारी है। भूमि उपयोग में परिवर्तन की प्रक्रिया पूरा होने के बाद ही इस परियोजना के शुरू होने की संभावना है।

सिविल वर्क पर खर्च होंगे 33.19 करोड़

इस परियोजना में सिविल वर्क पर लगभग 33.19 करोड़ रूपये खर्च होंगे। इसके अलावा शॉप सिविल वर्क पर 3.44 करोड़, हॉर्टिकल्चर और लैंड स्केपिंग पर 7.79 करोड़, इलेक्ट्रिकल वर्क पर 6.79 करोड़, प्लंबिंग पर 2.05 करोड़ और फायर फाइटिंग सिस्टम पर लगभग 1.26 करोड़ रूपये खर्च होंगे।

अर्बन हाट का डिजाइनमल्टी लेयर में किया गया तैयार

आधुनिक अर्बन हाट का डिजाइन मल्टी लेयर में तैयार किया गया है, जिसमें हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट स्टॉल, मल्टी कुजिन फूड कोर्ट, स्थाई और अस्थाई प्रदर्शनी स्थल, ओपन एयर एंफीथिएटर जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा बच्चों के लिए खेलने का क्षेत्र, प्रशासनिक कार्यालय और आगंतुकों के लिए सार्वजनिक प्लाजा का भी निर्माण होगा। यहां स्थानीय उत्पादों की बिक्री के साथ साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। आधुनिक अर्बन हाट की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण उत्पादकों और शहरी उपभोक्ताओं के बीच की दूरी कम होगी। साथ ही इस परियोजना से स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को एक बड़ा प्लेटफार्म मिलेगा।