रांची : मर्सिडीज कार चालक ने बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक युवक को घुमाया,घर ले जाकर भी की मारपीट
रांची: राजधानी रांची में एक बार फिर कार चालक की मनमानी देखने को मिली. शहर का जाना-माना इलाका डोरंडा में एक मर्सिडीज कार चालक ने पहले एक युवक को टक्कर मारी दी. इतने पर भी जब मन नहीं भरा तो उसे कार के बोनट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक घसीटते ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बोनट से लटका रहा और जान बचाने की कोशिश करता रहा लेकिन, कार चालक ने एक बार भी सड़कों पर कार नहीं रोका.
घटना के दौरान जब ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों की नजर पड़ी तो उसने कार को रोकने का प्रयास किया. लेकिन, मर्सिडीजचालक ने रफ्तार कम करने के बजाय युवक को कुचलने की कोशिश की. यह नाजारा देख कर इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
कार चालक परयह भी आरोप है कि युवक को जबरन अपने घर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई. सूचना मिलते ही पुलिस आरोपी के ठिकाने पहुंची और युवक को कार चालक के चंगुल से मुक्त कराया. बताया जा रहा है कि युवक को चोटें आई हैं. उसका प्राथमिक उपचार कराया गया है.
वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. लग्जरी मर्सिडीज कार को भी जब्त कर लिया गया है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशे से वकील है. घटना के कारणों और दोनों पक्षों के बीच किसी पुराने विवाद होने कू संभावना पर भी पड़ताल की जा रही है. इलाके में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है.