राजधानी की बदलेगी सूरत : प्रमुख चौक चौराहे होंगे हाईटेक,14 करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण
रांची:राजधानी की तस्वीर तेजी से बदल रही है और शहर को आधुनिक व आकर्षक बनाने की दिशा में कई अहम परियोजनाओं पर काम जारी है.रांची के प्रमुख चौक-चौराहों व सड़कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा. इसी कड़ी में नगर विकास एवं आवास विभाग ने शहर के प्रमुख चौराहों में यानी अरगोड़ा, हरमू और सहजानंद चौक का सौंदर्यीकरण के लिए लगभग14 करोड़रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है.
तीनों चौक के लिए अलग-अलग बजट
परियोजना के तहत हरमू चौक के लिए 5.44 करोड़ रुपये, अरगोड़ा चौक के लिए 4.26 करोड़ रुपये और सहजानंद चौक के लिए 4.29 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं. जुडको (JUDCO) द्वारा इन सभी चौराहों के कायाकल्प का काम शुरू कर दिया गया है.
आधुनिक सुविधाओं से होगा सौंदर्यीकरण
चौक-चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए फव्वारे, रंग-बिरंगे फूल, सजावटी पौधे और झारखंड के स्थानीय वृक्ष लगाए जाएंगे. साथ ही विदेशी घास से लैंडस्केपिंग कर हरियाली को बढ़ाया जाएगा, जिससे शहर का पर्यावरण भी बेहतर हो सकेगा.
यातायात व्यवस्था होगी सुगम
सहजानंद चौक के गोलंबर को 06 मीटर से बढ़ाकर 24 मीटर किया जाएगा. इससे ट्रैफिक संचालन आसान होगा और जाम की समस्या से निजात मिलेगी.पूरे प्रोजेक्ट का उद्देश्य निर्वाध और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करना है.
राहगीरों के लिए विशेष सुविधाएं
चौराहें पर मौजूद प्रतिमाओं को बड़े और बेहतर प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया जाएगा. इसके अलावा, राहगीरों के लिए शेड युक्त विश्राम स्थल बनाए जाएंगे. आरामदायक और सुरक्षित फुटपाथ भी तैयार किए जाएंगे, जिससे पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी. परियोजना पूरी होने के बाद ये तीनों प्रमुख चौक न सिर्फ ट्रैफिक के लिहाज से बेहतर होंगे, बल्कि शहर की सुंदरता और पहचान को भी नया आयाम देंगे।
रांची से संवाददाता राहुल कुमार पांडेय की रिपोर्ट