राहुल सिंह गैंग की बड़ी साजिश नाकाम : पलामू पुलिस ने चार गुर्गे को हथियार के साथ दबोचा
पलामू: पुलिस ने कुख्यात राहुल सिंह गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चार सक्रिय गुर्गे को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल बरामद किए गए हैं. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह के सदस्य हैदरनगर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप और वर्कशॉप पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहे हैं.
पुलिस टीम नेघेराबंदी कर चारों को दबोचा
सूचना के आधार पर हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्याश शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की है. पुलिस को देखते ही अपराधियों ने भागने का प्रयास किया,लेकिन घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे राहुल सिंह गिरोह के निर्देश पर कंपनी प्रबंधन में भय पैदा करने और रंगदारी वसूलने के लिए गोलीबारी की योजना बना रहे थे.
संगठित आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच जारी
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विक्रांत सिंह उर्फ सिकराम सिंह, संतोष राम, मधुकांत प्रजापति और बिक्रम राम के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और राहुल सिंह गिरोह के अन्य सदस्यों उसके वित्तीय नेटवर्क और संगठित आपराधिक गतिविधियों की गहन जांच जारी है.