पुजारी हत्याकांड मामले में अदालत का बड़ा फैसला : गोपालगंज में कोर्ट ने 2 महिलाओं समेत 3 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई

Edited By:  |
pujari hatyakand mamle mai adalat ka bada faisala

गोपालगंज : बड़ी खबर गोपालगंज से है जहां करीब दो साल पुराने चर्चित पुजारी हत्याकांड में अदालत का अहम फैसला सामने आया है. अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-IX की अदालत ने इस सनसनीखेज मामले में 2 महिलाओं समेत 3 अभियुक्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. साथ ही कोर्ट ने सभी दोषी पर 50-50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है. जुर्माना अदा नहीं करने पर दो वर्ष की अतिरिक्त सजा भी भुगतनी होगी. यह पूरा मामला दानापुर गांव, थाना मांझा थाना क्षेत्र का है.

बताया जा रहा है कि विगत दिसंबर 2023 में गांव के एक पुजारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में यह मामला गुमशुदगी और रहस्यमय हालात से जुड़ा लगा,लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी,कहानी ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया. सामने आया कि इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग,साजिश और सबूत छिपाने की सुनियोजित कोशिश शामिल थी. पुलिस अनुसंधान में खुलासा हुआ कि पुजारी का एक महिला के साथ प्रेम संबंध था. इसी संबंध को लेकर विवाद और तनाव बढ़ा. आरोप है कि महिला ने सुनियोजित तरीके से पुजारी की हत्या की और शव को छिपाने की कोशिश की. हत्या के बाद शव को घर के हौदी/टंकी जैसे स्थान में करीब तीन दिनों तक छिपाकर रखा गया,ताकि किसी को भनक न लगे. इस दौरान पुलिस को गुमराह करने और मामले को दूसरी दिशा देने की भी कोशिश की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए मांझा थाना पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की. कॉल डिटेल,स्थानीय गवाहों के बयान और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने पूरी साजिश की परतें खोल दी. जांच में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई. पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया. गवाहों की गवाही और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-IXकी अदालत ने तीनों अभियुक्तों को दोषी करार दिया. अदालत ने इसे गंभीर,योजनाबद्ध और भ्रामक तरीके से अंजाम दी गई हत्या माना. परिणामस्वरूप,सभी दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई. साथ ही प्रत्येक पर 50 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया.

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जुर्माना नहीं देने पर दो वर्ष की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी. यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना रहा. एक धार्मिक व्यक्ति की हत्या,प्रेम प्रसंग,साजिश और शव छिपाने जैसी बातों ने लोगों को झकझोर दिया था. आज आए इस फैसले ने साफ संदेश दिया है कि अपराध कितना भी योजनाबद्ध क्यों न हो,कानून की पकड़ से बचना संभव नहीं. गोपालगंज के दानापुर गांव में बीते दिसंबर 2023 में हुई इस चर्चित पुजारी हत्या कांड में अदालत ने सख्त रुख अपनाते हुए दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. न्यायालय के इस फैसले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि न्याय में देर हो सकती है,लेकिन अंधेर नहीं.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट