Hindi News / चुनावी नियमों के उल्लंघन का आरोप,औपचारिक शिकायत दर्ज

सत्ता पक्ष के निशाने पर प्रशांत किशोर : चुनावी नियमों के उल्लंघन का आरोप,औपचारिक शिकायत दर्ज

Edited By:  |
prasahnt kishore par lage gambhir aarop

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर पर चुनावी नियमों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और प्रशांत किशोर के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर चुनाव प्रचार के लिए निर्धारित 40 लाख रुपये की अधिकतम खर्च सीमा से कहीं अधिक धनराशि खर्च कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर करोड़ों रुपये खर्च करने के आरोप

बीजेपी नेताओं का दावा है कि सोशल मीडिया पर कृत्रिम माहौल बनाने के लिए फर्जी सोशल मीडिया नेटवर्क और कथित फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं और प्रचार से जुड़े वीडियो को वायरल कराने के लिए प्रति वीडियो 20 से 30 हजार रुपये तक का भुगतान किया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि यह चुनावी आचार संहिता और खर्च संबंधी नियमों का उल्लंघन है।

मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन, मंत्री मिथिलेश तिवारी, पूर्व मंत्री जीवेश मिश्रा और जनक राम कोंलेकर ने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

चुनाव आयोग से जांच का आग्रह

बीजेपी का कहना है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चुनावी खर्च और सोशल मीडिया प्रचार की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। पार्टी ने आयोग से फर्जी सोशल मीडिया कंपनियों, चुनावी फंडिंग और डिजिटल प्रचार पर होने वाले खर्च की भी जांच कराने का आग्रह किया है।

बीपेजी के आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं

हालांकि, इस मामले में प्रशांत किशोर या जन सुराज की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बीपेजी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है।