पटना पुलिस और STF की बड़ी कार्रवाई : अवैध जमीन कब्जा की बड़ी साजिश नाकाम,17 गिरफ्तार,भूमि माफियाओं में हड़कंप
पटना:इस वक्त की बड़ी खबर पटना से आ रही है. राजधानी में अवैध जमीन कब्जा की बड़ी साजिश को पटना पुलिस और एसटीएफ ने नाकाम कर दिया है. रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में 31 कट्ठा और 16 कट्ठा जमीन पर जबरन कब्जा करने की कथित तैयारी कर रहे गिरोह के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 17 लोगों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में इनमें से 11 आरोपियों की पहचान पेशेवर अपराधियों के रूप में हुई है. इस कार्रवाई के बाद भूमि माफियाओं और आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना परविशेष टीम ने की कार्रवाई
सोमवार को पटना के सिटी एसपी पूर्वी शैलजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 5 जुलाई 2026 को रामकृष्णानगर थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि बैरिया बस स्टैंड के पास कुछ असामाजिक एवं पेशेवर अपराधी अवैध हथियारों के साथ एकत्र होकर जबरन भूमि कब्जा करने एवं विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न करने की योजना बना रहे हैं. सूचना की गंभीरता देखते हुए वरीय पदाधिकारी के निर्देश में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2, सदर, पटना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
कार्रवाई के दौरान हथियार समेत कई सामान बरामद
विशेषटीम ने त्वरित एवं योजनाबद्ध छापेमारी करते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 17 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान 3 देशी कट्टा 4 जिंदा कारतूस, वाहन. एंड्रॉयड मोबाइल,1 कीपैड मोबाइल बरामद किया गया है. प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार 17 में से 11 अपराधियों का गंभीर आपराधिक इतिहास सामने आया है. सभी अभियुक्तों के विरुद्ध पूर्व में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अवैध हथियार, चोरी एवं अन्य गंभीर मामलों में कांड दर्ज पाए गए हैं. सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.