पटना LNJP अस्पताल में हाईटेक बदलाव : 450 बेड के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक,25 जुलाई से शुरू होगा इलाज
पटना:लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। 25 जुलाई से अस्पताल के नए 450 बेड वाले सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और ट्रॉमा सेंटर की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे। करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से बने इस छह मंजिला भवन में मरीजों को एक ही परिसर में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
आधुनिक और तकनीक सुविधाओं से लैस अस्पताल
भवन के ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी, सीटी स्कैन, एक्स-रे, माइनर ऑपरेशन थिएटर, ड्रेसिंग और प्लास्टर की सुविधा रहेगी। पहले तल पर फिजियोथेरेपी विभाग और 50 बेड का स्पोर्ट्स इंजरी वार्ड बनाया गया है, जबकि दूसरे तल पर 100 बेड का आधुनिक वार्ड तैयार किया गया है। पांचवें तल पर लैमिनर एयर फ्लो तकनीक से लैस छह मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर स्थापित किए गए हैं, जहां हड्डी, न्यूरो और स्पाइन से जुड़ी जटिल सर्जरी की जाएगी।
अलग-अलग विशेषज्ञ इकाइयां बनाई गई
अस्पताल में रोबोटिक और नेविगेशन आधारित स्पाइन सर्जरी, एमआरआई, सीटी स्कैन, एडवांस रिहैबिलिटेशन सेंटर और स्पोर्ट्स इंजरी यूनिट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। स्पाइन ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट रिप्लेसमेंट, पीडियाट्रिक ऑर्थोपेडिक्स और खिलाड़ियों की चोटों के इलाज के लिए अलग-अलग विशेषज्ञ इकाइयां बनाई गई हैं।
नई व्यवस्था से सर्जरी की क्षमता चार गुना बढ़ेगी
अस्पताल प्रशासन का दावा है कि नई व्यवस्था से सर्जरी की क्षमता चार गुना तक बढ़ेगी, मरीजों का इंतजार कम होगा और गंभीर रोगों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता भी घटेगी। बेहतर संचालन के लिए अतिरिक्त विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सों, एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, ओटी टेक्नीशियनों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। यह परियोजना बिहार की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।