पटना गेस्ट हाउस में इवेंट शो के दौरान छेड़खानी : बदसलूकी और मारपीट के आरोप में केस दर्ज, तीन पर मामला दर्ज
पटना: राजधानी में शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। एसबीआई ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इवेंट शो में काम करने वाली एक युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी, छेड़खानी और मारपीट की गई। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी चंदन और दो अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता विभिन्न इवेंट में पेशेवर रूप से कार्य करती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता विभिन्न आयोजनों और शोरूम प्रमोशनल कार्यक्रमों में पेशेवर रूप से कार्य करती है। वह एक कार्यक्रम के सिलसिले में उक्त गेस्ट हाउस पहुंची थी। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद चंदन नामक युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। युवती द्वारा विरोध जताने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने अपने बयान में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके साथ छेड़खानी का प्रयास किया।
गेस्ट हाउस परिसर में काफी देर तकहुआ हंगामा
घटना के बाद गेस्ट हाउस परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. इसी बीच युवती ने सूझबूझ दिखाते हुए बिहार पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 पर संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज
शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।