महुआ को रेलवे से जोड़ने का सपना होगा साकार : बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह चुनावी वादे को पूरा करने पर उतरे
पटना:महुआ विधानसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक खुशखबरी सामने आई है.भगवानपुर–कर्पूरीग्राम वाया महुआ–ताजपुर लगभग 60 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है. जानकारी के अनुसार, इस परियोजना पर लगभग 1,692 करोड़ रुपये की लागत आएगी.
इस अवसर पर महुआ विधायक सह मंत्री संजय सिंह ने कहा कि चुनाव के दौरान मैं महुआ की जनता से वादा किया था कि चुनाव जीतते ही महुआ को रेलवे से जोड़ने के लिए पूरी मजबूती के साथ प्रयास करूंगा. आज इस रेल परियोजना की मंजूरी मेरे लिए केवल एक खबर नहीं, बल्कि महुआ की जनता से किए गए वादे को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
उन्होंने कहा कि नई रेल लाइन बनने से महुआ सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. किसानों को अपनी उपज बड़े बाजारों तक पहुंचाने, व्यापारियों को व्यापार विस्तार करने और विद्यार्थियों और आम लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी. इससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी.
महुआ विधायक सह मंत्री संजय सिंह ने कहा कि वे शीघ्र ही रेल मंत्री से पुनः मुलाकात कर इस परियोजना पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ कराने का आग्रह करेंगे. उनका प्रयास रहेगा कि महुआ की जनता को रेलवे की सुविधा का लाभ जल्द से जल्द मिले.
उन्होंने कहा, “महुआ की जनता से किया गया वादा मेरे लिए संकल्प है. महुआ को रेलवे से जोड़ने का सपना अब हकीकत बनने की राह पर है और इसके लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा.”