जितने छात्र उतने गुरुजी : बिहार के स्कूलों में खत्म होगा शिक्षकों का असंतुलन
पटना:बिहार के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. अब स्कूलों में शिक्षकों की संख्या वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के वास्तविक नामांकन के आधार पर तय की जाएगी. इसके लिए विभाग ने ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों को आधार बनाने का निर्णय लिया है. नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और छात्रों की संख्या के बीच संतुलन स्थापित करना है.
समानीकरण की प्रक्रिया के तहत शिक्षकों का होगापुनर्विन्यास
शिक्षा विभाग के इस कदम से उन विद्यालयों में राहत मिलने की उम्मीद है. जहां छात्रों की संख्या अधिक होने के बावजूद शिक्षकों की कमी है. वहीं जिन स्कूलों में अपेक्षाकृत कम छात्र हैं लेकिन शिक्षकों की संख्या अधिक है, वहां समानीकरण की प्रक्रिया के तहत शिक्षकों का पुनर्विन्यास किया जा सकेगा. इससे राज्य भर में मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा.
स्थानांतरण की प्रक्रिया पारदर्शी और डेटा आधारित होगी
विभाग ने यह निर्णय प्रस्तावित शिक्षक स्थानांतरण नीति लागू करने से पहले लिया है. माना जा रहा है कि नई नीति के तहत होने वाले स्थानांतरण और पदस्थापन में छात्र-शिक्षक अनुपात को प्रमुख आधार बनाया जाएगा. उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती, समानीकरण और स्थानांतरण की प्रक्रिया अब अधिक पारदर्शी और डेटा आधारित होगी.
नामांकित छात्रों के आधार पर होगाशिक्षकों की बहाली
ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक विद्यालय में नामांकित छात्रों की वास्तविक संख्या का आंकलन किया जाएगा. इसके आधार पर यह तय होगा कि किसी विद्यालय में कितने शिक्षकों की आवश्यकता है. शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे शिक्षकों के वितरण में मौजूद असमानता दूर होगी और छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर सरकार का जोर
नई व्यवस्था लागू होने के बाद राज्य के सरकारी विद्यालयों में “जितने छात्र-उतने गुरुजी” की अवधारणा को मजबूती मिलेगी. इससे न केवल शिक्षकों की तैनाती अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी होगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी। यह कदम बिहार की स्कूली शिक्षा व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और छात्र-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।