Hindi News / झारखंड छात्र आंदोलन: जब तक राहुल गांधी नहीं आते, तब तक जारी रहेगा...

JHARKHAND NEWS : झारखंड छात्र आंदोलन: जब तक राहुल गांधी नहीं आते, तब तक जारी रहेगा छात्रों का हुंकार

Edited By:  |
jharkhand news

राजधानी रांची में विधानसभा घेराव के बाद सोमवार देर शाम माहौल उस वक्त और गरमा गया, जब प्रदर्शनकारी छात्र भारी गुस्से के साथ जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित अनशन स्थल पर पहुंचे। वहां पहुंचते ही छात्रों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुलिस कार्रवाई पर तीखा आक्रोश जताया।अनशन स्थल पर पहुंचे आंदोलनरत विद्यार्थियों ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान छात्राओं पर बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया। छात्रों का आरोप है कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को घसीटकर पीटा। उनका कहना है कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन सरकार उनकी सुध लेने और ठोस निर्णय लेने के बजाय दमनकारी नीति अपना रही है।अपनी मांगों पर अड़े इन छात्रों ने एक बड़ा राजनीतिक ऐलान भी किया है।

प्रदर्शनकारियों का साफ कहना है कि जब तक राहुल गांधी झारखंड नहीं आएंगे, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा। इसके लिए अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक विशेष अभियान चलाकर उन्हें झारखंड आने का न्योता दिया जाएगा।बात अगर अनशन स्थल की व्यवस्था की करें, तो सोमवार को भूखे-प्यासे पहुंचे इन विद्यार्थियों के लिए चैती दुर्गापूजा मंदिर के पदाधिकारियों ने भोजन की व्यवस्था की। मंदिर समिति की ओर से आंदोलनरत छात्रों के बीच खिचड़ी का वितरण किया गया, ताकि अनशन पर बैठे छात्र अपनी ऊर्जा बनाए रख सकें।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान एक दिलचस्प और राजनीतिक रूप से अहम वाकया भी सामने आया। सोमवार सुबह से ही छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से तिरंगा लेकर पुराने विधानसभा भवन की ओर मार्च कर रहे थे।

कई छात्र ऑटो और ई-रिक्शा के जरिए भी विधानसभा पहुंचे। इस दौरान जेएलकेएम विधायक जयराम महतो भी छात्रों के धरना-प्रदर्शन में उनका समर्थन करने पहुंचे, लेकिन छात्रों ने उन्हें मंच से भाषण देने से साफ रोक दिया, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।फिलहाल, छात्रों के इस रुख और राहुल गांधी को झारखंड बुलाने के ऐलान के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है। प्रशासन और सरकार के लिए अब इन आंदोलनकारी छात्रों को मनाना एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।