Hindi News / शहरी क्षेत्र में बनेंगे 20 एस्पिरेशनल टॉयलेट और 65 सार्वजनिक शौचालय

JHARKHAND NEWS : शहरी क्षेत्र में बनेंगे 20 एस्पिरेशनल टॉयलेट और 65 सार्वजनिक शौचालय

Edited By:  |
jharkhand news

रांची नगर निगम क्षेत्र में जल्द ही आधुनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा. इसके लिए स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत 43.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है. इस राशि से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में व्यक्तिगत शौचालय भी बनाए जाएंगे. इसके अलावा सामुदायिक, सार्वजनिक और आधुनिक सुविधाओं से लैस शौचालय भी बनाए जाएंगे. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि इस योजना के तहत 250 व्यक्तिगत शौचालय, 50 सामुदायिक शौचालय, 65 सार्वजनिक शौचालय, 20 एस्पिरेशनल टॉयलेट और 362 यूनिट शौचालयों का निर्माण प्रस्तावित है. पूर्व में नगर आयुक्त सुशांत गौरव संबंधित शौचालयों के निर्माण को लेकर स्थलों के चयन, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की योजना पर विस्तार पूर्वक चर्चा भी कर चुके हैं. वहीं, 27 अगस्त को रांची नगर निगम परिषद की बैठक में भी शहरी क्षेत्र में व्यक्तिगत शौचालय, सामुदायिक शौचालय, सार्वजनिक शौचालय, एस्पिरेशनल टॉयलेट और शौचालयों के निर्माण पर सहमति प्रदान कर दी गई है.

मेयर रोशनी खलखो ने बताया कि शौचालयों के निर्माण के लिए सबसे बड़ी चुनौती भूमि की उपलब्धता है. उन्होंने सभी पार्षदों से उनके वार्ड क्षेत्र में शौचालयों की वर्तमान स्थिति और भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर भूमि की उपलब्धता से संबंधित जानकारी मांगी है. उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में शहरी क्षेत्र में बनाए गए मॉड्यूलर टॉयलेट शहरवासियों के लिए उपयुक्त नहीं है. इसलिए इस बार शहरी क्षेत्र में जिन स्थानों पर शौचालय बनाए जाएंगे, वे मॉड्यूलर टॉयलेट की तरह नहीं, बल्कि आधुनिक होंगे. शौचालयों में यूरिनल, टॉयलेट के अलावा स्नान करने करी सुविधा भी होगी, ताकि आम लोगों की आवश्यकताओं को देखते हुए इसे और उपयोगी बनाया जा सके.

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि चयनित स्थलों पर शीघ्र डिजाइन तैयार कर निविदा की प्रक्रिया पूरा करें और निविदा निष्पादन के बाद चयनित एजेंसी के माध्यम से निर्माण कार्य शुरू कराएं. उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में स्वच्छ और सुलभ शौचालय सिर्फ एक सुविधा नहीं, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य, सम्मान और एक स्वच्छ शहर की पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है.