Hindi News / छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ेगी भाजपा

JHARKHAND NEWS : छात्रों पर बर्बर लाठीचार्ज के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान छेड़ेगी भाजपा

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड में पिछले 16-17 दिनों से लगातार चल रहा छात्रों का आंदोलन अब सिर्फ राज्य का मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा राजनीतिक तूफान बनने जा रहा है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पूरे मामले को सीधे तौर पर राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का बड़ा फैसला कर लिया है!पार्टी सूत्रों के हवाले से बड़ी जानकारी मिल रही है कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। केंद्रीय निर्देशों के तहत आज यानी मंगलवार को देश के हर राज्य की राजधानी में भाजपा के आला नेता और वरिष्ठ प्रवक्ता प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।पार्टी ने देश की सभी प्रदेश इकाइयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि वे पूरी मजबूती के साथ झारखंड के इन छात्र-युवाओं के समर्थन में खड़े हों।

झारखंड सरकार द्वारा छात्रों पर की गई बर्बर कार्रवाई को राष्ट्रीय मीडिया और देश की जनता के सामने बेनकाब किया जाए।इस पूरे घटनाक्रम के केंद्र में अब कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी सीधे तौर पर निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा का सीधा आरोप है कि झारखंड की गठबंधन सरकार ने छात्र-हितों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया है और रोजगार की मांग कर रहे युवाओं की आवाज को दबाने के लिए क्रूरतापूर्वक बल प्रयोग किया गया है।

पिछले दो हफ़्तों से झारखंड के छात्र संगठन लगातार नियुक्तियों में धांधली, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे। लेकिन सोमवार को जब छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया, तो पुलिस के साथ तीखी झड़प हुई और उसके बाद प्रशासन ने लाठीचार्ज का सहारा लिया।सोमवार की रात को ही भाजपा ने झारखंड बंद का बड़ा आह्वान कर दिया है। राज्य में राजनीतिक पारा अपने चरम पर है और छात्र आंदोलन अब एक भीषण राजनीतिक संघर्ष का रूप ले चुका है।सवाल यह है कि क्या हेमंत सरकार छात्रों की इन जायज़ मांगों पर कोई ठोस कदम उठाएगी या फिर यह लाठीचार्ज और विरोध प्रदर्शन आने वाले दिनों में और बड़ा राजनीतिक भूचाल लाएगा?