Hindi News / ईचागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

JHARKHAND NEWS : ईचागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

Edited By:  |
jharkhand news

सरायकेला-खरसावां जिले की ईचागढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मामले का खुलासा चांडिल के एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।

एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि डूमटांड़ चौक से पातकुम जाने वाले मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन कर वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर घासीराम साव (48) को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।

तलाशी में आरोपी के पास से 3 किलोग्राम अफीम, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो मोबाइल फोन, प्लास्टिक बोरा और होंडा एसपी मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस कार्रवाई में ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, एसआई शशिभूषण सिंह मुंडा, एएसआई सुरेश भगत तथा पुलिस बल शामिल थे। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।