JHARKHAND NEWS : झाड़-फूंक पर भरोसा पड़ा भारी: 10 साल की मासूम की मौत, गुमला में सांप के डसने से 9 लोग पीड़ित
झारखंड के गुमला जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। गुमला में बीते रविवार की रात मानो सांपों का तांडव देखने को मिला। जिले के अलग-अलग इलाकों में एक ही रात में कुल 9 लोग सर्पदंश (सांप के काटने) के शिकार हो गए।इस भयावह घटना में 10 साल की एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में जारी है।पहली हृदय विदारक घटना सदर थाना क्षेत्र के कोयनजारा पतिया गांव की है। जहां चौथे वर्ग में पढ़ने वाली 10 वर्षीय छात्रा संजीता कुमारी रविवार की रात अपने घर में जमीन पर सो रही थी।इसी दौरान एक जहरीले करैत सांप ने उसके हाथ में डस लिया। संजीता ने उठकर परिजनों को सांप के बारे में बताया भी, लेकिन शरीर पर कोई साफ निशान न दिखने की वजह से परिजनों ने इसे हल्के में ले लिया।और यहीं सबसे बड़ी चूक हो गई!
सुबह होते ही डॉक्टर के पास जाने के बजाय बच्ची को गांव में झाड़-फूंक और जड़ी-बूटी के चक्कर में उलझाया गया। समय बीतने के साथ संजीता की तबीयत बिगड़ती चली गई। जब हालत बेहद नाजुक हुई, तब परिजन उसे सुबह गुमला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सक डॉ. पीसीके भगत ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।वहीं दूसरी तरफ, जिले के अलग-अलग इलाकों से 8 और लोग सांप के काटने से गंभीर रूप से घायल हुए हैं।पीड़ितों में घाघरा के टोटांबी निवासी छटू राम महतो (47 वर्ष), पंसो के गजेंद्र उरांव, गौस नगर की गजाला खातून, शास्त्री नगर की अंजलि गुप्ता, तेतरटोली की फूलमनी लकड़ा, पतगच्छा के कृष्णा महतो, कोयंजारा की प्रियंका कुमारी और गिंडरा महुआटोली का तीन वर्षीय मासूम शिवांश गोप शामिल हैं.समय रहते परिजनों ने इन सभी को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इनका इलाज चल रहा है।