Hindi News / लगातार बारिश से बढ़ती जलस्तर को लेकर रामगढ़ पतरातू डैम के चार फाटक...

JHARKHAND NEWS : लगातार बारिश से बढ़ती जलस्तर को लेकर रामगढ़ पतरातू डैम के चार फाटक को खोला गया

Edited By:  |
jharkhand news

रामगढ़ में लगातार बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की धड़कनें बढ़ा दी हैं। रामगढ़ जिले के कैचमेंट एरिया यानी पतरातु डैम क्षेत्र में पानी का स्तर लगातार खतरनाक स्तर पर पहुँच रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आज पतरातु डैम के कुल चार फाटक खोल दिए गए हैं। पानी के बढ़ते दबाव को देखते हुए बीते रात ही डैम के चौथे और पाँचवें फाटक को खोल दिया गया था। वहीं आज सुबह स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन ने तीसरा और छठा फाटक भी खोल दिया है। इस तरह अब कुल चार फाटकों से पानी की निकासी की जा रही है। डैम के ये फाटक तीन-तीन इंच खोले गए हैं, जिनसे करीब 800 क्यूसेक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। फाटक खुलने के साथ ही निचले इलाकों में पानी उफान पर आ गया है। डैम के फाटक खोले जाने के बाद इसका सीधा असर आसपास की नदियों पर पड़ा है।

इस समय दामोदर नदी और रजरप्पा की भैरवी नदी पूरी तरह उफान पर हैं। इसे देखते हुए रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज और पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार ने संयुक्त रूप से आम जनता के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने साफ तौर पर कहा है कि डैम के फाटकों के आसपास या निचले तटीय इलाकों में कोई भी व्यक्ति न जाए, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके। प्रशासन किसी भी प्रकार की कोताही बरतने के मूड में नहीं है। डैम के फाटक खोले जाने से ठीक पहले जिला प्रशासन के कड़े निर्देश पर पीटीपीएस परिसंपदा पदाधिकारी विवेक कुमार खुद मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के घाटों से दूर रहने की अपील की। फिलहाल जिला प्रशासन की पूरी टीम स्थिति पर पैनी नज़र बनाए हुए है और लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।