झारखंड न्यूज : होली को लेकर तैयारियां तेज,शांति समिति की बैठक में पुलिस की सख्य चेतावनी

Edited By:  |
jharkhand news

झारखंड:रंगों के त्योहार होली को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में सभी जिलों की पुलिस सगातार शांति समिति की बैठक कर रही. चतरा के सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी अनिल कुमार, थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने की. इस बैठक में दोनों समुदाय, गणमान्य लोग समेत जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे. बैठक में होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई. बैठक में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और पुलिस-प्रशासन के साथ सहयोग करने पर भी विशेष रूप से जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का पर्व है, जिसे सभी मिलजुलकर मनाएं.

देवघर जिले के देवीपुर थाना परिसर में रविवार को शांति समिति की बैठक थाना प्रभारी संदीप कृष्ण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे. थाना प्रभारी संदीप कृष्ण ने स्पष्ट रूप से कहा कि होली के दौरान पुलिस अलर्ट मोड पर रहेगी. संवेदनशील इलाकों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. साथ ही सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की है कि शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखें. साथ ही कहा कि होली के दौरान शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जाएगी.


वहीं, सरायकेला के नीमडीह थाना अंतर्गत होली पर्व को शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर रविवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी एस. के. तिवारी ने किया.

इस दौरान थाना प्रभारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम का त्यौहार हैं, इसे मिलजुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं. उन्होंने कहा कि राहगीरों को जबरदस्ती रंग न लगाएं और डीजे बजाने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी. पुलिस ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. अशांति फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी.

बेरमो में भी होली को लेकर शांति समिति की बैठक हुई.क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से बेरमो थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र के बुद्धिजीवियों,शांति समिति के सदस्यगण और नव निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने भाग लिया.बैठक में होली पर्व सौहार्दपूर्ण, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने से संबंधित विभिन्न आवश्यक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. विशेष रूप से विधि-व्यवस्था की मजबूती, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, आपसी समन्वय तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया.