झारखंड में पल्स पोलियो अभियान : सदर अस्पताल से हुई शुरूआत,5 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो बूंद देने का लक्ष्य
रांची:राज्यभर में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 की शुरुआत की गई. इसी कड़ी में रविवार को सदर अस्पताल में अभियान का शुभारंभ एनएचएम के मिशन निदेशक शशि प्रकाश झा, विधायक सीपी सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ. अभियान के तहत जिले में पांच वर्ष से कम आयु के कुल 5 लाख 5 हजार 524 बच्चों को पोलियो रोधी दवा (ओपीवी) की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है. पहले दिन जिलेभर के पोलियो बूथों पर बड़ी संख्या में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई गई.स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि "हर बच्चा, हर बार" की नीति के तहत किसी भी बच्चे को इस अभियान से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा.
3,893 पोलियो बूथ बनाए गए
अभियान को सफल बनाने के लिए जिले में 3,893 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं. इन बूथों पर 7,786 टीम सदस्यों की तैनाती की गई है, जबकि पूरे अभियान की निगरानी के लिए 571 सुपरवाइजर लगाए गए हैं. पहले दिन बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जा रही है, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके. विभाग का लक्ष्य है कि जिले का एक भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे.
25 वर्षों से पोलियो मुक्त है भारत,फिर भी बरती जा रही पूरी सतर्कता
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारत पिछले 25 वर्षों से पोलियो मुक्त है, लेकिन दुनिया के कुछ देशों, खासकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अब भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं. ऐसे में संक्रमण के खतरे को देखते हुए देशभर में समय-समय पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है. अधिकारियों ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं. क्योंकि हर बच्चे का सुरक्षित रहना ही पोलियो मुक्त भारत की सबसे बड़ी ताकत है.