झारखंड एकेडमिक काउंसिल : जैक अध्यक्ष ने जारी किया 11वीं का रिजल्ट, 99.12 प्रतिशत पास
रांची: झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने मंगलवार को कक्षा-11वीं का परिणाम जारी कर दिया है. इस साल कुल 3 लाख 58 हजार 533 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे. जिनमें से 3 लाख 55 हजार 399 छात्र अगली कक्षा के लिए प्रोन्नत किए गए है. कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 99.12 प्रतिशत रहा.
राज्यभर में परीक्षा 25 से 28 फरवरी तक आयोजित की गई थी. जैक अध्यक्ष ने परिषद मुख्यालय, रांची में सचिव, परीक्षा नियंत्रक और वरिष्ठ सूचना अधिकारी की उपस्थिति में रिजल्ट जारी की. परिषद के अनुसार, इस बार सभी प्रमंडलों और जिलों में छात्रों का प्रदर्शन लगातार उत्कृष्ट रहा. कुल 3,61,683 छात्रों ने 11वीं में नामांकन कराया था, जिसमें से 3,58,533 परीक्षा में शामिल हुए थे.
परिणाम जारी करने के बाद जैक के अध्यक्ष डॉ. नटवा हांसदा ने छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल प्रशासन को बधाई दी. उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों, प्राचार्यों और परीक्षा कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की, जिनकी वजह से यह परीक्षा पारदर्शी और सुचारू रूप से सम्पन्न हुई. साथ ही असफल छात्रों से आगामी अवसरों में बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की.