JDU की बैठक में बड़ा फैसला : नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से फिर बनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष,जानिए क्या बोले निशांत
पटना:जनता दल यूनाइटेड की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में रविवार को बड़ा फैसला लिया गया है. पार्टी ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है. इस फैसले के साथ यह साफ हो गया है कि जेडीयू में नीतीश कुमार ही सर्वोच्च और सर्वमान्य नेता बने हुए हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद नीतीश कुमार बिहार के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों का भी दौरा करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएंगे. पार्टी का मानना है कि उनके नेतृत्व में जेडीयू को नई मजबूती मिलेगी.
बिहार सरकार ने संगठन के लिए महत्वपूर्ण फैसला बताया
नीतीश कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर पार्टी नेताओं ने खुशी जाहिर की है. बिहार सरकार और दोनों उपमुख्यमंत्रियों, समेत वरिष्ठ नेताओं ने इसे संगठन के लिए महत्वपूर्ण फैसला बताया है. वहीं, जेडीयू के वरिष्ठ नेता विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और उनके नेतृत्व में संगठन को नई मजबूती मिलेगी.
पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर
इधर, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह पार्टी के लिए गर्व का क्षण है, लेकिन इसके साथ ही सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं. निशांत ने कहा कि अब संगठन को और मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा.