हेमंत कैबिनेट की बैठक : 39 प्रस्तावों को मंजूरी,विकास, स्वास्थ्य,परिवहन और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दें पर मुहर
रांची:झारखंड मंत्रालय में सीएम हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को कैबिनेट की बैठक हुई. कैबिनेट की बैठक में कुल 39 प्रस्तावों पर मुहर लगी. सरकारी कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 5 फीसदी बढ़ोतरी से लेकर दुमका एयरपोर्ट से नियमित उड़ान, अबुवा दवाखाना योजना और दिव्यांग कलाकारों के लिए आर्थिक सहायता जैसे कई बड़े फैसले लिए गए. हेमंत कैबिनेट की बैठक में राज्य हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को मंजूरी दी गई.
कैबिनेट ने एनडीपीएस एक्ट के तहत सूचना देने वालों के लिए पुरस्कार नीति को भी मंजूरी दी है. वहीं, विभिन्न वेब पोर्टल्स के लिए एजेंसी चयन, लोकायुक्त नियुक्ति और रेलवे को जमीन हस्तांतरण जैसे प्रस्तावों को भी हरी झंडी मिल गई है. सरकारी कर्मियों का महंगाई भत्ता 5 प्रतिशत बढ़ाया गया है. दुमका एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवा शुरू करने के लिए भारत सरकार के मौसम विभाग के साथ एमओयू होगा.
कैबिनेट ने “अबुवा दवाखाना” योजना को भी मंजूरी दी है,जिससे बहुचिकित्सा प्रणाली को बढ़ावा मिलेगा. गंभीर रूप से अस्वस्थ दिव्यांग कलाकारों को आर्थिक सहायता देने का फैसला भी लिया गया है. इसके अलावा खूंटी के कर्रा में रेलवे परियोजना के लिए जमीन हस्तांतरण, एजी रिपोर्ट 2026 को सदन में पेश करने और झारखंड भवन के कमरों के शुल्क बढ़ाने जैसे प्रस्तावों पर भी मुहर लगी है.
कुल मिलाकर हेमंत कैबिनेट की इस बैठक में विकास, स्वास्थ्य, परिवहन और कर्मचारियों से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए हैं.