दारोगा परीक्षार्थियों के लिए बड़ी खबर : 27 मई को पटना सहित पांच जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच होगी मुख्य लिखित परीक्षा
पटना: बिहार पुलिस में दारोगा (SI) भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) की ओर से मुख्य लिखित परीक्षा 27 मई को होगी.यह परीक्षा राज्य के पटना सहित कुल पांच जिलों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा दो पालियों में ली जाएगी.पहली पाली सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी.
इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिसके चलते प्रशासन ने सभी जिलों में विशेष तैयारी शुरू कर दी है. परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है और हर केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
अभ्यर्थियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो. देर से आने वाले उम्मीदवारों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा.
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निगरानी टीमों की विशेष तैनाती की जाएगी. हर केंद्र पर CCTV कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी.उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड और एक वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है. बिना इन दस्तावेजों के किसी को भी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलेगी.
इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1799 पदों पर दारोगा की भर्ती की जाएगी. बड़ी संख्या में युवाओं के भविष्य से जुड़ी इस परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.सरकार और आयोग दोनों का उद्देश्य है कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के संपन्न कराई जाए.
परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों में उत्साह है और वे लंबे समय से इसकी तैयारी कर रहे थे. अब सभी की नजर 27 मई को होने वाली इस महत्वपूर्ण परीक्षा पर टिकी हुई है.