Hindi News / मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में ‘भारत की जनगणना 2027’ अभियान का किया...

Census 2027 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार में ‘भारत की जनगणना 2027’ अभियान का किया शुभारंभ

Edited By:  |
census 2027

पटना: बिहार में‘भारत की जनगणना 2027’अभियान का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 17 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री सचिवालय से माउस क्लिक कर किया. यह विश्व का सबसे बड़ा प्रशासनिक एवं सांख्यिकीय अभियान माना जाता है,जो राज्य और देश के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों से अपील की कि वे जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना सुशासन की आधारशिला होती है,जिसके आंकड़ों के आधार पर आने वाले वर्षों में विकास योजनाएं,नीतियां और कल्याणकारी कार्यक्रम तैयार किए जाते हैं. उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 तकनीकी दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल है,क्योंकि इसमें पहली बार पूरी तरह डिजिटल डेटा संग्रहण और स्व-गणना (Self Enumeration)की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. यह सुविधा 17 अप्रैल 2026 से 1 मई 2026 तक नागरिकों के लिए खुली रहेगी,जिससे लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे.

इसके बाद जनगणना का पहला चरण‘हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन’ (HLO)के रूप में 2 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा. इस चरण में मकानों की सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा,जो आगे की प्रक्रिया के लिए आधार तैयार करेगा.

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही व सटीक जानकारी प्रदान करें. उन्होंने कहा कि स्व-गणना के माध्यम से या गणनाकारों को सहयोग देकर एक समावेशी,विश्वसनीय और सटीक जनगणना सुनिश्चित की जा सकती है. इससे न केवल सरकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा,बल्कि समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना भी संभव होगा.

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सी.के. अनिल,मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार,कुमार रवि तथा गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे. जनगणना 2027 को बिहार और देश के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत आधार माना जा रहा है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट—